logo

उरुग्वे भ्रमण के दूसरे दिन बोले सांसद संजय सेठ, प्रधानमंत्री की वजह से पूरा विश्व हमारी धरोहरों को अपना रहा

prasan.jpg

द फॉलोअप डेस्कः

भारतीय संसदीय दल के उरुग्वे भ्रमण के दूसरे दिन वहां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस आयोजन में भारतीय संसदीय दल के प्रमुख केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ सहित अन्य सांसद व अधिकारी मौजूद रहे। उरुग्वे की राजधानी में आयोजित योग महोत्सव में सबको योग का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही योग के महत्व पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की भी प्रस्तुति दी गई। भारतीय शास्त्रीय नृत्य और योग के संबंध पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मौजूद वहां के अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में विश्व को दिए गए सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। 


दूसरे ही दिन संसदीय दल ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के कार्यालय का भ्रमण किया। इसके अधिकारियों और प्रबंधकों के साथ बैठक की। बताया गया कि टाटा कंसलटेंसी सर्विस 20 वर्षों से यहां कार्यरत है, जिसने बड़ी संख्या में ना सिर्फ लोगों को रोजगार देने का काम किया है, बल्कि बेहतर सेवाएं भी उपलब्ध करा रही है। टाटा कंसलटेंसी सर्विस से जुड़े अधिकारियों ने भारतीय संसदीय दल का स्वागत किया और अपनी उपलब्धियों से इन्हें अवगत कराया।


इस भ्रमण और बैठक के बाद सांसद संजय सेठ ने कहा कि योग के प्रति उरुग्वे में जो आकर्षण देखने को मिला, वह अद्वितीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी कई धरोहरों को विश्व के साथ साझा किया है, जिसे आज विश्व खुले दिल से अपना रहा है। योग दिवस इसी की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। योग के माध्यम से प्रधानमंत्री  ने पूरी दुनिया को जोड़ने का काम किया है। सांसद ने कहा कि टाटा कंसलटेंसी सर्विस का कार्यालय और इनकी कार्यप्रणाली देखकर गौरव की अनुभूति हुई। हम सभी संसदीय दल से जुड़े सदस्यों के लिए यह गौरव का पल था कि सात समंदर पार चल कर भी हमारे देश की कंपनी टाटा अपनी बुलंदी और उपलब्धियों का झंडा गाड़ रही है। हर देशवासी के लिए गौरव की बात है। श्री सेठ ने कहा कि भारतीय संसदीय दल ने उरूग्वे के उपराष्ट्रपति बीट्रिज़ आर्गिमोन को भारत आने का न्योता दिया है। नवंबर दिसंबर में उनके भारत आगमन की संभावना है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N